Haldwani लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Haldwani लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 5 मार्च 2016

स्थानीय पत्रकारिता की चुनौतियां

मीडिया/ गोविन्द सिंह
आज के समय में सच्ची पत्रकारिता एक कठिन कर्म है. यह कर्म तब और भी मुश्किल हो जाता है, जब पत्रकारिता स्थानीय स्तर की हो. स्थानीय से हमारा आशय स्थान विशेष से है. अर्थात जब किसी अखबार के पाठक ठीक उसके सामने बैठे हों या उसका पाठक वर्ग निर्धारित क्षेत्र में फैला हो. ऐसे में पाठक तो सामने होता ही है, जिसकी खबर ली जानी है, वह भी सामने बैठा होता है. राष्ट्रीय पत्रकारिता का क्षेत्र चूंकि व्यापक होता है, इसलिए उसके विषय और पाठक, दोनों का फैलाव भी विस्तीर्ण होता है. उसका अपने पाठक के साथ वैसा प्रगाढ़ रिश्ता नहीं होता, जैसा कि स्थानीय पत्रकारिता का होता है. मुझे अपने तीन दशक से अधिक के पत्रकारीय जीवन में हमेशा यह मलाल रहा कि मैंने हमेशा राष्ट्रीय पत्रकारिता की. अपने लोगों के बीच रह कर पत्रकारिता करने का सौभाग्य नहीं मिला.

पत्रकारिता का कर्म मुश्किल इसलिए हो गया है कि आज पत्रकारिता एकदम व्यावसायिक हो गयी है. व्यावसायिक से भी ज्यादा सटीक शब्द  होगा व्यापारिक. वह काफी खर्चीली हो गयी है. हिन्दी पत्रकारिता में यह बदलाव ज्यादा ही मुखर होकर सामने आया है क्योंकि पिछले बीस वर्षों में उसका जबरदस्त फैलाव हुआ है. चूंकि पहले पत्रकारिता मिशनरी थी और आज एकदम से व्यापारिक हो गयी है, इसलिए भी यह बदलाव ज्यादा ही दिखाई पड़ता है. समस्या यह भी है कि जिस पैमाने पर अखबार फैले हैं, उस पैमाने पर अखबार निकालने वाले नहीं बदले हैं. इनमें पत्र स्वामी भी हैं और पत्रकार भी. जितने बड़े पैमाने पर योग्य, दक्ष और ईमानदार पत्रकारों की जरूरत आन पड़ी है, उतने तैयार नहीं हो पाए. फिर पत्र-स्वामियों ने भी इस जरूरत को नहीं समझा. क्योंकि वे स्वयं भी इस अप्रत्याशित विस्तार के लिए तैयार नहीं थे. इसलिए हिन्दी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पत्रकारीय मूल्यों का हनन दिखाई पड़ता है.
पत्रकारीय मूल्यों की बात करते हुए हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पत्रकारिता का पहला और अंतिम धर्म सत्य और निष्पक्षता है. जहां भी इससे विचलन होगा, वहाँ पत्रकारीय नैतिकता का ह्रास होगा. अब चूंकि हमारे समाज में ही व्यापक तौर पर मूल्यों में ह्रास आया है, इसलिए पत्रकारिता में भी ह्रास आना स्वाभाविक है. ऐसे में सत्यनिष्ठ पत्रकारिता कर पाना भी मुश्किल हो गया है. इसके बावजूद पत्रकारिता हो रही है तो उसके पीछे एकमात्र कारण यह है कि पत्रकारिता में समाज हित का भाव अन्तर्निहित होता है. यही उसकी शक्ति है. तमाम बुराइयों के बावजूद आज भी अच्छी पत्रकारिता के उदाहरण मिल जाते हैं.
जहां तक स्थानीय पत्रकारिता का प्रश्न है, उसमें सबसे बड़ी मुश्किल यह आती है कि जिसके बारे में, पक्ष या विपक्ष में आप लिखते हैं, वह आपके सामने मौजूद रहता है. स्थानीय सुशासन के त्रिकोण में नेता, प्रशासन और पत्रकार की बड़ी भूमिका होती है. न्यायपालिका भी है, लेकिन स्थानीय स्तर पर वह व्यवस्थापिका में ही समाहित होती है. आप किसी के खिलाफ कुछ भी लिखते हैं, तो आपको प्रतिक्रया के लिए तैयार रहना पड़ता है. इसी तरह आपके अपने नाते-रिश्तेदार भी होते हैं. उनमें कुछ लोग गड़बड़ भी हो सकते हैं. आप उनके खिलाफ कैसे छापेंगे? आप कैसे निष्पक्ष पत्रकारिता करेंगे? स्थानीय अपराध तंत्र की खबर लेना भी कम मुश्किल नहीं होता. मुंबई जैसे महानगर में बड़े अपराधी इस बात पर खुश होते थे कि कोई उनकी खबर छाप रहा है. लेकिन यहाँ तो आप सामने हैं. आपका कुछ भी छिपा नहीं होता. हाल के वर्षों में आपने यह भी देखा होगा कि पत्रकारों पर हमले काफी बढ़ गए हैं. आज से 30 साल पहले हम ऐसी घटनाओं के बारे में सोच भी नहीं सकते थे. जैसे हमारे यहाँ दूत को मारना पाप समझा जाता था, उसी तरह पत्रकार पर हाथ उठाना भी पाप समझा जाता था. लेकिन आज ऐसा नहीं है. यह पत्रकारीय मूल्यों में ह्रास के कारण है. इसलिए पत्रकारों और पत्र-स्वामियों, दोनों को यह समझना होगा कि इस पेशे में कदम रखना कितना चुनौतीपूर्ण है. पेशेवर मूल्यों के साथ पत्रकारिता करने से ही हम उसकी खोई हुई गरिमा को लौटा पायेंगे. (जनपक्ष आज, सांध्य दैनिक, हल्द्वानी के प्रवेशांक {पांच मार्च, २०१६} में प्रकाशित. साभार) 
·          

गुरुवार, 12 दिसंबर 2013

सर्द हवाओं का संगीत

निबंध/ गोविन्द सिंह
धान की फसल कट चुकी है. खेतों में जगह-जगह रबी की फसल बोई जा रही है. कहीं-कहीं गेहूं की नन्हीं कोंपलें फूटने लगी हैं. काली-काली मिट्टी पर हरे छींट वाली चादर की तरह. सुबह टहलने जाता हूँ तो नन्हीं कोंपलों पर मोती सरीखी ओस की बूंदों को देख मन खुशी और विस्मय से भर उठता है. कभी सूर्य की पहली किरण इन पर पड़ जाए तो यह आभा एकदम स्वर्णिम हो जाती है. कुछ ठहर कर देखता हूँ, अपनी आँखों में इन दृश्यों को भर लेना चाहता हूँ. हरे-भरे खेत में जैसे हजारों-हजार मोती बिखरे हुए हैं. बीच-बीच में इक्का-दुक्का सरसों के फूल उनकी लय को तोड़ रहे हैं. प्रकृति की कैसी लीला है! अच्छा ही हुआ, इस अलसाए-से कसबे में आ गया, वरना महानगर में इस सब से बंचित रह जाता.
दीपावली के साथ ही यहाँ मौसम में गुनगुनी ठण्ड शुरू होने लगती है. हल्द्वानी के जिस इलाके में रहता हूँ, वहाँ अप्रैल-मई में बया का शोर सुनाई देने लगा था. नवम्बर आते-आते वे अपने घोंसले छोड़ कर वन-प्रान्तरों को लौट रही हैं. सर्दी के ख़त्म होने पर वे फिर आयेंगी, फिर से घोंसले बनाने की कवायद शुरू करेंगी. मेरे पड़ोस में मेहता जी के ताड़ वृक्षों पर इन्होने घोंसले बना लिए हैं. ६-७ महीने इनकी चें-पें से मेहता जी का आँगन गुलजार रहता है. आने वाले ६ महीने वीरानी के रहेंगे. घोंसले लटके रहेंगे लेकिन उनमें कोई चहल-पहल नहीं होगी. अगले साल फिर आयेंगी और नए घरोंदे बनाएंगी. सर्दियां बहुतों को अपनी धरती से उखाड़ देती हैं. पुराने जमाने में सर्दियों में पहाड़ों से लोग घाम तापने के लिए मैदानों में पडाव डाल लिया करते थे. तराई-भाबर में बहुत सी जगहें इनके पडाव बनती थीं. मौसम अनुकूल होते ही लोग फिर पहाड़ों की ओर लौट जाया करते थे. आज भी उच्च हिमालयी इलाकों के भोटिया लोग सर्दियों के चार महीने अपने भेड़-बकरियों के साथ मैदानी तलहटियों में आ जाते हैं. लेकिन बयाओं का यह झुण्ड अपेक्षाकृत गर्म मौसम में यहाँ आता है, अपनी गृहस्थी बसाने. शायद इन्हें मानव बस्तियों में सुरक्षित ठिकानों की तलाश रहती है पर  मानव-बस्तियां भी अब कहाँ सुरक्षित रहीं? इनके रहने की जगहें लगातार सिकुडती जा रही हैं.
सर्दी यानी ठण्ड यानी हेमंत ऋतु दस्तक दे चुकी है. अगहन यानी मंगसीर के आते ही मौसम में सर्द हवाओं की मादकता छाने लगती है. इन सर्द हवाओं के भी अनेक रंग देखे हैं. लेकिन प्रकृति का न्याय भी किसी समाजवाद से कम नहीं होता. अपने होने का एहसास वह सबको बराबर कराता है. जो अपनी तमाम सुख-सुविधाओं और ऐशो-आराम के जरिये गरमी या सरदी को जीत लेने का दम भरते हैं, वे गलत हैं. आप सर्दी का आनंद लेना चाहें तो तमाम अभावों के बाद भी ले सकते हैं. और ठण्ड से डरते हों तो तमाम सुविधाओं के बावजूद वह आपको डराकर रहेगी. प्रकृति एक ही कोड़े से सबको हांकती है, वह बात अलग है कि किसी को उसका अहसास होता है और किसी को नहीं.
पिथौरागढ़ जिले में सौगाँव नाम के जिस गाँव में मेरा जन्म हुआ, वहाँ ख़ास ठण्ड नहीं पड़ती है. चारों तरफ से घिरी पहाड़ियों के बीच तलहटी में जो बसा है. वहाँ प्राइमरी करने के बाद चौबाटी के मिडिल स्कूल में दाखिला लिया. चौबटी लगभग ५००० फुट ऊंचाई पर होगा. अपने गाँव के बच्चे रोज पांच किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़ के चौबाटी पहुंचते. और दोपहर के बाद लौटते. वहाँ कडाके की ठण्ड पड़ती थी. नवम्बर आते-आते ठण्ड पड़नी शुरू हो गयी थी, लेकिन मेरे पास न कोट था और न पैंट. एक हाफ स्वेटर दीदी ने बुनकर भिजवा दिया था. वह मेरे लिए बड़े-बड़े ऊनी कोटों से बढ़कर था. लेकिन कुछ छवियाँ ऐसी होती हैं, जिन्हें मनुष्य कभी भुला नहीं पाता. ऐसा ही एक दृश्य हाजिर है. सर्दी की छुट्टियों के बाद जब स्कूल खुला तो मैं नया कोट पहन कर स्कूल गया. मेरे मामाजी ने एक कोट सिलवा कर भिजवा दिया था. मक्खन जीन का कोट. उसके आने की अद्भुत खुशी थी. हलकी बरसात हो रही थी. जिनके पास भरपूर कपडे थे, उन्हें कडाके की ठण्ड लग रही थी. पर मैं अपने कोट के नशे में था. मेरे पास न जूते थे, न पैंट. पैरों में चप्पल और कमर में नेकर. स्कूल में प्रार्थना के वक्त मेरे एक दोस्त ने देखा तो आँखों ही आँखों में खुशी जाहिर की कि आखिर मेरे पास भी कोट आ गया है. लेकिन जैसे ही उसने आँखें नीचे फेरीं तो अफ़सोस जाहिर किया कि पैंट और जूते के बिना कोट का मजा किरकिरा हो गया. लेकिन मुझे कहाँ पैंट की परवाह थी! मैंने गर्व से कहा, ‘मुझे बिलकुल भी ठण्ड नहीं लग रही. कोट जो पहन रखा है!’
एक और दृश्य सुनिए. आठवीं के बाद कनालीछीना इंटर कॉलेज में नौवीं कक्षा में भरती हुआ. यह मेरे घर से काफी दूर यानी पैदल कोई २० किलोमीटर दूर था. महीने में एक बार अपने गाँव आता और महीने भर का सामान लेकर जाता. डेरा करके रहता था. यहाँ और भी ज्यादा ठंड पड़ती थी. दो लड़कों ने एक कमरा किराए में ले रखा था.  कमरा क्या था हवामहल. किराया था नौ रुपये. खुद ही जंगल से लकडियाँ बटोरते और खुद ही खाना बनाते. तब मैं दसवीं में था. सर्दियों की छुट्टियों के बाद एक फरवरी को स्कूल खुलना था. हम दो लड़के ३१ जनवरी को ही अपने डेरे में पहुँच गए थे. हमारे पास ओढने-बिछाने को ख़ास कपडे नहीं थे. शाम होते-होते बारिश होने लगी और रात ढलते बर्फ गिरने लगी. हम कम्बल के भीतर गए तो ठण्ड और परेशान करने लगी. हमने आग जलाई और रात भर हिमपात का आनंद उठाते रहे. सुबह हुई. हमने बाहर आकर देखा कि चारों ओर धरती ने बर्फ की चादर ओढ़ रखी थी. गिरते-फिसलते स्कूल गए. लेकिन प्रिंसिपल ने छुट्टी की घोषणा कर दी. हम लोग डबुल शोर करते हुए कमरे में लौटे. मेरे पास ओढने को एक पुराना कम्बल था. रूम पार्टनर चंद्रू की स्थिति मुझ से कोई बेहतर नहीं थे. लेकिन एक दिन उसके गरीब पिताजी कहीं से जुगाड़ करके उसके लिए २२ रुपये में एक रजाई खरीद कर पहुंचा गए. शायद एक-डेढ़ किलो की थी. मैं खुश था कि चलो एक के पास तो रजाई आयी. एकाध कोना तो मुझे भी मिल ही जाएगा. लेकिन जब रात को सोने का वक्त हुआ तो चंद्रू ने सख्त रवैया अपना लिया, ‘रजाई मेरी है तो मैं ही ओढूंगा.’ मैंने कहा, ‘चल यार कोई बात नहीं.’ जब रात को उसे नींद आ गयी तो मैंने कोशिश की कि मैं भी उसके भीतर समा जाऊं. लाख कोशिश करने पर भी मैं उसके भीतर नहीं आ सका. मैं हार कर अपने कम्बल के साथ सो गया. सच, जिन्दगी कितनी मजेदार होती है! तमाम अभावों के बावजूद हमें कभी ठण्ड ने अपने होने का अहसास नहीं कराया. नाक बहती रहती थी, पर कभी परवाह नहीं की. कभी दवा नहीं खाई. हमारे पंडितजी, महीने में एक बार गाँव भर के बच्चों को एक-एक पुडिया खिला जाते, वही हमारे लिए किसी भी टॉनिक से बढ़कर होती. जिन्दगी बिद्रूपों से भरी होती है. जिस कडाके की सर्दी को बचपन में ही खेलते-कूदते परास्त कर चुका था, जिन्दगी के दूसरे पडाव में पहुंचकर उसे अपने पब्लिक स्कूली बच्चों के साथ एक पर्यटक की तरह देखना कितना अजीब लगता है. जब अपने ही बच्चे हिमपात को देखने पैसे खर्च करके मसूरी-नैनीताल जाते हैं तो लगता है कि एक दिन मैं भी अजायबघर में रखा जाऊंगा.              
दिल्ली जैसे शहरों में सर्दी की मार और भी दुधारी होती है. एक तरफ अट्टालिकाओं में रहने वाले लोग तमाम सुख-सुविधाओं के बावजूद ठण्ड का रोना रोते रहते हैं. घर-दफ्तर सब तरफ कृत्रिम गरमी. थोड़ी-सी भी हवा लग जाए तो बीमारी का डर. जबकि दूसरी तरफ झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले करोड़ों लोग कीड़े-मकोड़ों जैसी जिन्दगी जीने को मजबूर होते हैं. राजधानी दिल्ली में ही हजारों लोग बेघर सड़कों के किनारे उधार की रजाई लेकर रात बिताते हैं. तरक्की की तमाम कहानियों के बावजूद साल दर साल शीत लहर से मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है. फिर भी वे कभी किसी से शिकायत नहीं करते. करें भी तो किससे? बेशक सर्दी का रिश्ता भूख से होता है. हमारी तरफ सर्दियों की सबसे बड़ी रात को कौव्वे की मूर्छा वाली रात कहा जाता है. क्योंकि कड़कती ठण्ड में भूख के मारे इतनी लम्बी रात काट पाना जब दीर्घजीवी कौव्वे के लिए ही असह्य होता हो तो मनुष्य के लिए कितना कष्टकारी नहीं होगा. कुछ अरसा पहले राजधानी दिल्ली के ही एक उम्दा कालेज में पढने वाली एक लड़की ने अपनी पूरी ईमानदारी के साथ फुटपाथ में रहने वालों के साथ रात बिताने का फैसला लिया, उनके दर्द को करीब से महसूस करने के लिए. लेकिन रात होते-होते उसे असह्य लगने लगा और उसने फोन करके अपने परिजनों को बुला लिया. कितना कठिन होता है सिद्धांत और व्यवहार में! हमारी अधिसंख्य नीतियाँ और योजनायें  इसी तरह तो बनती हैं.
उत्तर भारत के शहरों में सर्दियों की शुरुआत सप्तपर्णी के खिलने से होती है. नवम्बर आते-आते पूरे के पूरे पेड़ सफेद फूलों से लद जाते हैं, जो रात भर गमकते रहते हैं. इधर तराई के साल-शीशम के जंगल भी फूलने लगे हैं, जिनकी छटा दूर से देखते ही बनती है. हालांकि प्रेम के लिए ऋतुराज वसंत को जाना जाता है, लेकिन प्रेम की अंतिम परिणति हेमंत में ही होती है. सचमुच यह रति की ऋतु है. सृजन और विनाश साथ-साथ चलता रहता है. यही ऋतु है, जो सबसे ज्यादा जानें लेती है और यही ऋतु सर्वाधिक जीवन भी देती है. यह जीवन-कामना की ऋतु है. ऋतुसंहार में कालिदास कहते हैं, ‘अनेक गुणों से रमणीय अंगनाओं के चित्तों को हरनेवाला, परिपक्व धानों से ग्रामों की सीमाओं की शोभा बढ़ानेवाला, चारों ओर पाला पड़ा, क्रौंच पक्षियों के गीतों से व्याप्त, बरफयुक्त यह हेमंत ऋतु आप सबको सुख प्रदान करे.’
पद्मावतकार जायसी से इस मौसम में अपनी नायिका का वियोग सहा नहीं गया. विरह विदग्ध नायिका कहती है:
जानहुँ चंदन लागेउ अंगा। चंदन रहै न पावै संगा॥
भोग करहिं सुख राजा रानी। उन्ह लेखे सब सिस्टि जुडानी॥
हंसा केलि करहिं जिमि , खूँदहिं कुरलहिं दोउ ।
सीउ पुकारि कै पार भा, जस चकई क बिछोउ॥9॥

तो भोजपुरी बारहमासा का रचनाकार कह उठता है:

अगहन ए सखी गवना करवले, तब सामी गईले परदेस ।
जब से गईले सखि चिठियो ना भेजले,तनिको खबरियो ना लेस ॥
पुस ए सखि फसे फुसारे गईले, हम धनि बानि अकेली ।
सुन मन्दिलबा रतियो ना बीते, कब दोनि होईहे बिहान ॥

यानी सर्दियां अपने साथ जीवन-मृत्यु, सृजन और विनाश, राग-विराग सबकुछ लेकर आती है. इसमें शिव और ब्रह्मा दोनों सक्रिय रहते हैं. हेमंत ऋतु हमें कष्ट जरूर देती है, लेकिन उसके बाद का आनंद अनुपमेय होता है. घने कोहरे के बाद सूर्योदय की ऊष्मा हमें जीवन की तमाम हकीकतो से सामना करने की ताकत देती है. सचमुच यह हमें पूर्णता देती है. (कादम्बिनी, दिसंबर, २०१३ से साभार)  



शनिवार, 2 जून 2012

लोकतंत्र में यह कैसी दास प्रथा!


 नागरिक जीवन / गोविंद सिंह

हमें बचपन से पढाया जाता है कि आजादी के बाद भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम हुई. यहाँ हर नागरिक समान है, सबको समान अवसर और सुविधाएँ प्राप्त हैं. हमारा संविधान बाकायदा इस बात की गारंटी देता है. लेकिन हकीकत कुछ और ही है. सच यह है कि हम एक नयी तरह के उपनिवेशवाद में जीने को अभिशप्त हैं. हमारे यहाँ नयी तरह का आतंरिक उपनिवेशवाद चल रहा है. दिल्ली से राज्यों की राजधानी, राज्यों की राजधानियों से विभिन्न अंचलों के प्रमुख शहरों और फिर वहाँ से जिला मुख्यालयों, मुख्यालयों से तहसील मुख्यालयों और फिर वहाँ से भी छोटे-छोटे कस्बों और गांवों पर शाशन की सीढ़ी बनी हुई है. यानी हर कोई किसी न किसी का उपनिवेश है. ऊपर को बढ़ने वाली हर सीढ़ी पर जीवन की स्थितियां बेहतर हो जाती हैं. इसलिए निचले पायदान पर खडा व्यक्ति अपने आपको हीन से हीनतर  समझता है.
आजकल यहाँ यानी हल्द्वानी में बिजली, पानी और गैस की जबरदस्त किल्लत देख कर बड़ी शिद्दत के साथ यह एहसास होता है. मैं जिस इलाके में रहता हूँ, उस इलाके में पिछले एक महीने से पानी की सप्लाई नहीं हो रही. यों पहले भी ऐसा होता रहा है. अक्सर कह दिया जता है कि मोटर फुक गयी है. वह १५-२० दिन में ठीक होकर आयेगी तब कुछ होगा. इस बार मोटर को फुके एक महीना हो गया है, लेकिन वह ठीक नहीं हो पा रही. जो रसूखदार लोग हैं, उनके यहाँ जल संस्थान का टैंकर पहुँच जाता है, बाक़ी लोग निजी टैंकर वालों से पानी खरीदने को विवश हैं. कोई सुनवाई नहीं है. हर अधिकारी अगले की जिम्मेदारी बताकर पल्ला झाड लेता है. यही स्थिति बिजली की है. पिछले वर्षों में हमने सुना था कि नेता लोग इसे ऊर्जा प्रदेश बना रहे हैं. कहा गया था कि इस प्रदेश के पास न सिर्फ अपने उपभोग के लिए प्रचुर मात्रा में बिजली है, बल्कि हम अन्य प्रदेशों को भी बिजली बेच सकेंगे.
लेकिन हकीकत यह है कि हमें दिन में अनेक बार बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ता है. बिजली एक घंटे के लिए आती है, और दो घंटे के लिए चली जाती है. यहाँ भी इन्वर्टर का व्यापार धडल्ले से चल रहा है. जिसके पास सामर्थ्य है, वह इन्वर्टर लगाता है, जनरेटर लगाता है, फिर एसी और उम्दा श्रेणी का कूलर लगाता है, जिसके पास नहीं है, वह ताकता रहता है.
गैस की किल्लत तो यहाँ हमेशा ही बनी रहती है. नौ महीने पहले जब मैं यहाँ आया था, तभी मैंने गैस कनेक्शन के लिए अप्लाई कर दिया था, लेकिन अभी तक वह नहीं लगा. मैं भी देख रहा हूँ कि वह कौन सा नया रिकार्ड बनाती है! लेकिन दिलचस्प बात यह है कि यहाँ गैस के लिए हमेशा लाइन लगी रहती है. लोग अपना सिलेंडर लेकर किसी चौराहे पर लाइन लगाते हैं. गैस की गाड़ी आती है और आगे के निश्चित लोगों को देकर चली जाती है. जिनका नंबर नहीं आता, वे फिर किसी और दिन का इन्तज़ार करते रहते हैं. आज मेरे मकान मालिक का बेटा टूटू तडके साढ़े तीन बजे ही सिलेंडर लेकर चौराहे पर गया तो उसका ६६वाँ नंबर आया. यानी लोग रात दो बजे से ही लाइन पर लग गए थे. लगभग २०० लोग लाइन में थे. दोपहर तक भी गैस नहीं आयी तो लोगों को हंगामा खडा करना पड़ा. तब तीसरे दिन का आश्वासन देकर अधिकारी दफा हुए. यह एक दिन का मामला नहीं, हमेशा का है.
सवाल यह है कि ऐसा क्यों होता है? गैस एक उपभोक्ता जरूरत है. हम उसे खरीदते हैं. फिर इस तरह लाइन में लगने की जरूरत क्यों पड़नी चाहिए? दिल्ली में तो ऐसा नहीं होता. देहरादून में भी नहीं होता. अब तो खैर वहाँ हमारे पास पाइप्ड गैस है, उस से पहले जब भी जरूरत होती हम फोन कर देते और गैस वाला घर पर सिलेंडर छोड़ जाता. किल्लत होती तो समय ज्यादा लगता, वरना दो-चार दिन में मिल जाती. कभी मुश्किल नहीं हुई. फिर क्यों हल्द्वानी के लोगों को ऐसी सुविधा मयस्सर नहीं? यही नहीं, और पीछे जाएँ तो वहाँ के लोग बुनियादी जरूरत की चीजों के लिए त्राहि-त्राहि कर रहे हैं. यह एक अत्यंत खराब, उपनिवेशवादी प्रवृत्ति है. आप कहते हैं, लोग गांवों से पलायन कर रहे हैं. क्यों नहीं करेंगे वे पलायन! जब सुविधाएँ कुछ ही जगहों पर सिमटी हों तो लोग क्यों नहीं दौडेंगे उनकी तरफ? यह कैसा लोकतंत्र है कि कुछ लोग तो सुविधाओं का जरूरत से ज्यादा उपभोग करें और बाक़ी के लोग मुंह ताकते रहें? यानी कुछ शासक हैं, बाक़ी सारे दास!    

मंगलवार, 20 मार्च 2012

जब मंगलेश जी शास्त्रीय गायन करते हैं

हालांकि यहाँ आने के बाद मुझे कई आयोजनों से जुड़ने का अवसर मिल चुका है लेकिन इस बार का आयोजन कुछ खास था. यह मेरे अपने विभाग का था और विषय भी मीडिया के समक्ष चुनौतियां था. अपने प्रिय कवि मंगलेश डबराल को बुलाने का अवसर मिल गया. मंगलेश जी ने कहा वीरेन डंगवाल को भी बुलवा लो, ताकि मन लगा रहेगा. मैं एक बार नैनीताल में इन दो कवियों की जुगलबंदी देख चुका था, उसकी यादें अब भी तरोताजा थीं, इसलिए मैंने तुरंत वीरेन जी को भी ऐप्रोच कर लिया. उन्होंने भी हामी भर दी. मुझे लगा कि एक बार फिर उस जुगलबंदी का आनंद मिलेगा. लेकिन लास्ट में वीरेन जी नहीं आ पाए. लेकिन दो और परम मित्रों को भी बुलाया गया था. सुभाष धूलिया और प्रभात डबराल. मुझे पता है कि ये दोनों मसूरी में साथ ही पढते थे, तब से इनकी छनती है. आपस में लड़ते भी हैं, लेकिन एक दूसरे के बिना रह भी नहीं सकते. फिर साथ में देवेन मेवाड़ी भी आये, जिनका साथ मुझे बहुत प्रिय है. मैं उनके सतत जिज्ञासु स्वभाव का कायल हूँ. त्रिनेत्र जी, जो अब हल्द्वानी को अपना स्थायी निवास बना चुके हैं और अक्सर १५-२० दिन में यहाँ आ जाते हैं, उन्होंने भी मित्र मंडली को जीवंत बनाने में योगदान किया. मेरे लिए ये सब अग्रज हैं. अपने अग्रजों का मैं तहे दिल से आदर करता हूँ.
गोष्ठी तो जो हुई, सो हुई. भाषण भी हुए. मीडिया के चारित्रिक पतन और तरक्की पर विमर्ष भी बहुत हुआ. लेकिन मुझे सबसे अधिक आनंद आया दूसरी शाम मंगलेश जी को राग सुनाते देखते हुए. यह बता दूँ कि मुझे रागों के बारे में क ख ग भी नहीं पता. मंगलेश जी ने हलके से रसरंजन और भोजन के बाद अचानक कुर्सी पर बैठते हुए घोषणा की कि चलो अब मैं आपको एक राग सुनाता हूँ. मुझे इसकी कोई उम्मीद नहीं थी. नैनीताल की तरह न गिर्दा थे, न राजीव लोचन साह और न ही वीरेन जी. फिर भी मंगलेश जी ने जब राग सुनाने की घोषणा की तो मेरी खुशी का ठिकाना न रहा. क्योंकि नैनीताल का वह मंजर मेरी आँखों में रह रह कर लौट आ रहा था.
मंगलेश जी बोले, अब मैं आपको राग मध्माद सारंग यानी मध्यमादि सुनाता हूँ, जिसे वीणा सहस्रबुद्धे  ने गाया है: वे आ... आ... करने लगे. फिर कहते गला साथ नहीं दे रहा. त्रिनेत्र जी और देवेन जी भी राग सुनाने के लिए आग्रह करने लगे. मंगलेश जी आगे की बंदिश गाने लगे... रंग दे रंग दे रे रंगरेजवा... मेरी सुरख़ चुनरिया जैसे मोरे पिया की पगरिया...!! उन्होंने दूसरा राग गया पंडित भीमसेन जोशी का राग शुद्ध कल्याण: एरी माई पिया...
देवेन जी और त्रिनेत्र जी भी साथ में वैसा ही कुछ कुछ आलाप ले रहे थे लेकिन मैं मंगलेश जी को मोहित होकर देख रहा था. उनका अंग-अंग जैसे राग अलाप रहा था. उनका पेट, छाती, हाथ और पैर सब जैसे गा रहे थे. मुझे मल्लिकार्जुन मन्सूर याद आ रहे थे. दूरदर्शन पर एक बार मैंने उन्हें सुना तो देखते ही रह गया. ऐसा ही एक बार वडाली बंधुओं को सुनते हुए लगा. जिनके  रागों की बजाय भाव-भंगिमाओं को देखते रहने का मन करता था.
पिछली बार यानी कोई १० साल पहले जब नैनीताल में एक तरफ गिर्दा, राजीव लोचन जी और शेखर दा अपनी पहाड़ी चान्चारियों-भग्नौलों की धुनों में मस्त थे, तब भी मंगलेश जी अपने ही राग में मस्त थे. बगल में बैठे हुए वीरेन जी तमाम गालियों के साथ उनकी दाद दे रहे थी. और उन्हें गाने से रोकने की भरसक कोशिश कर रहे थे. लेकिन मंगलेश जी तमाम भव बाधाओं की परवाह न करते हुए अपने राग में चूर थे. वह दृश्य भी अपने आप में अद्भुत था. हमारे समय के दो बड़े कवियों की ऐसी मुठभेड़ मैंने कभी न देखी थी. ऐसी कल्पना भी मैं नहीं कर सकता था.
लेकिन इस बार मंगलेश जी को बिना बाधाओं के बहुत करीब से राग सुनाते हुए देखना एक अलग ही आनंद दे गया. बीच-बीच में वह कहते कि मैं जानता हूँ कि मेरा गायन बहुत भ्रष्ट है. मैं शास्त्रीय गायन नहीं जानता. यह तो ऐसे ही मस्ती है. उधर त्रिनेत्र जी भी कहते कि मंगलेश न जाने कब शास्त्रीय राग के बीच गढवाली लोक गीत की धुन घुसा देगा, पता नहीं चलता. लेकिन मेरे जैसे अज्ञानी के लिए तो यह अनुभव ही पर्याप्त था कि कैसे एक कवि का अंग-अंग गा रहा है. मैं यह भी सोचता रहा कि मंगलेश जी यदि कवि न होते तो क्या एक महान शास्त्रीय गायक न होते?        

सोमवार, 19 मार्च 2012

हरे-भरे खेतों के बीच वसंत की आहट

ललित निबंध/ गोविंद सिंह

धनिया के फूल
कभी आप गेहूं के हरे-भरे खेतों के बीच से होते हुए गुजरे हैं? जब गेहूं के पौंधे एक-डेढ़ फुट के हो जाते हैं, तब गहरे हरे रंग के खेतों के बीच से सुबह-सवेरे निकलिए, आपको हज़ारों-हज़ार मोती टिमटिमाते हुए दिखेंगे. पिछले डेढ़-दो महीनों से मैं अपने आस-पास के खेतों में गेहूं के पौंधों को पल-पल बढ़ते हुए देख रहा हूँ. जब वे नन्हे कोंपल थे, तब उन पर बरबस स्नेह उमड़ आता था. जमीन की सतह को फोड़ कर ऊपर उठने की जद्दोजहद से भरे हुए. जब वे आधे फुट के हो गए, तब उनकी रौनक अलग थी. जैसे बच्चा शैशव की दीवार को पार कर चलने-फिरने लगा हो, तेज दौड़ने की चाह में बार बार गिर पड़ता हो. जब वे डेढ़ फुट के हो गए, तो उनका सौंदर्य अनुपमेय हो गया. गहरे हरे रंग के घने खेत में तब्दील हो गए. पूरी तरह से आच्छादित. और कुछ भी नहीं. जब मंद-मंद बयार चलती, तो सारे पौंधे एक साथ हिलते दिखाई देते जैसे कि छब्बीस जनवरी की परेड लेफ्ट-राईट करती हुई चल रही हो. सुबह जब उनके ऊपर विखरी ओस की बूंदों पर सूर्य की पहली किरण पड़ती है, तब इनकी छटा देखते ही बनती है. मन करता है, बस, इन्हें ही देखते रहो.
गेहूं के खेत में निकलने लगीं बालियाँ
इन्हें देखते हुए मैं अक्सर अपने बचपन के गाँव में लौट जाता हूँ. नाक और कान छिदवाई हुई मेरे साथ की छोटी-छोटी लड़कियां सुबह-सवेरे ओस की इन बूंदों को बटोर कर नाक और कान के छिदे हुए घावों पर डाल रही होतीं. इन मोतियों को बटोरने को लेकर उनके मन में अद्भुत उत्साह होता था. सुबकते हुए घावों में मोतियों की ठंडक का एहसास पाने का उत्साह. साथ ही हरे-हरे पौंधों को छूने का एहसास. 
इधर कुछ दिनों से गेहूं में बालियाँ निकलने लगी हैं. कई-कई खेत तो बालियों से लबालब भर गए हैं. जैसे किशोर युवाओं के शरीर में बेतरतीब ढंग से परिवर्तन आने लगते हैं, लड़कों के चेहरे पर दाढी-मूंछ उग आती है, लड़कियों के शरीर में भी परिवर्तन दीखते हैं, उसी तरह गेहूं के खेत भी इन दिनों अपना रंग बदल रहे हैं. गहरा हरा रंग अब तनिक गायब हो गया है. अब उनकी खूबसूरती भी अंगड़ाई ले रही है. कहीं-कहीं बालियाँ पूरी आ चुकी हैं तो कहीं एकाध कलगी ही दिख रही है. बीच बीच में एकाध पैच ऐसा भी दिख जाता है, जो अभी अपने बचपन में ही हो. किशोर बालकों की छितराई हुई दाढी-मूछों की तरह.
प्यूली के फूलों से महकने लगे वन
एक दिन सुबह टहलते हुए मुझे धनिया का बड़ा-सा खेत दिखाई पड़ा, जो पूरी तरह से खिला हुआ था. धनिया की कुछ क्यारियां तो बचपन में देखी थीं, लेकिन इस तरह पूरे शबाब में कभी न देखा था. सरसों के चटख पीले फूलों की बहुत चर्चा होती है, लेकिन सच पूछिए तो मैं धनिया के फूलों भरे खेत को देखता ही रह गया. हलके गुलाबी और सफ़ेद रंग के फूल अद्भुत दृश्य उत्पन्न करते हैं. और उनकी हलकी हलकी खुशबू भी अलग ही समां बांधती है.
प्रकृति की ये सारी छटाएं वसंत के आगमन की सूचना दे रही हैं. वसंत दस्तक दे चुका है, हलकी-हलकी बयार चल रही है. लेकिन अभी मादकता आनी बाक़ी है. अगले महीने जब गेहूं की इन बालियों में दाने भर जायेंगे, वे ठोस आकार ले चुके होंगे और बाल, जो अभी मुलायम हैं, वे काँटों की तरह नुकीले हो जाएँगे, हवा में एक भुरभुरी सी गंध पसरने लगेगी, रंग भी हरे के बजाय पीताभ हो जाएगा, तब गेहूं के खेतों में मादकता बरसेगी. रंगीलो बैसाख, काट भागुली ग्यूं!! कुमाऊंनी लोकगीत की यह पंक्ति जैसे बैसाख की मस्ती को बयान करने को काफी है.
चारों तरफ एक अजीब सी गंध पसरने लगी है. गेहूं के खेतों के किनारे-किनारे सरसों के पीले फूल खिल रहे हैं.  अमराइयों में बौर फूट चुकी हैं. आम की ही तरह लीची में भी बौर आ चुकी हैं. हालांकि आम की बौर की तुलना में लीची की बौर जैसे दबे-छिपे ही आ रही है. वह अपने आने का एहसास नहीं करवाती. सेमल के पेड़ अपने को अनावृत कर चुके हैं. उनमें नन्हीं-नन्हीं लाल कलियाँ दिखने लगी हैं. पखवाड़े भर में ये पूरे के पूरे लाल हो चुके होंगे. नयी दिल्ली की अभिजात बस्तियों में तो जैसे सेमल राज करता है. सड़कें लाल-लाल फूलों से भर जाती हैं. यहाँ उसके ज्यादा पेड़ नहीं हैं. लेकिन पृष्ठभूमि में खड़े पहाड़ी जंगल में तो अलग अलग रंग के पेड़ों की पट्टियां सी बन गयी हैं. नींचे साल और शीशम के पेड़ों की पट्टी है, तो कुछ ज्यादा ऊंचाई पर चीड़ के पेड़ों की लाइन शुरू हो जाती है. सबकी अपनी-अपनी जमात है. जैसे अपने तिरंगे में अलग-अलग रंग की पट्टियाँ होती हैं, उसी तरह जंगल में भी फूलों की पट्टियाँ बन गयी हैं. सबसे नीचे पीली पट्टी है तो उसके ऊपर ताम्रवर्णी पट्टी है, कहीं कहीं कुछ लाल और धूसर पट्टी भी दिखाई देती है. कुछ ही दिनों में कुछ और ऊंचाई वाले पहाड़ों में बुरांस के लाल फूलों से पूरा का पूरा जंगल आच्छादित हो जाएगा. और तब सारे रंग फीके पड़ जायेंगे. दूर से यह जंगल नहीं, कोई बड़ी सी रंग-विरंगी धारीदार चादर नजर आती है. प्रकृति ने सचमुच वसंत की दस्तक दे दी है, मगर हमारे भीतर का वसंत अभी निद्रा की ही अवस्था में है. महानगरीय भागमभाग में हम प्रकृति की इस लय को पहचानना ही भूल गए हैं. पता नहीं हम कब अपने असली स्वभाव में लौटंगे! ( पाक्षिक पब्लिक एजेंडा से साभार)